March 7, 2026

पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: पुलिस ने पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के साथ मारपीट करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी सेक्टर-46 की टीम द्वारा की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, फिरोजपुर झिरका निवासी राहुल ने शिकायत दी थी कि 11 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे दो युवक स्कूटी पर पेट्रोल पंप पर आए। पेट्रोल भरवाने के बाद जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन्होंने गाली-गलौच शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों युवक अपने एक अन्य साथी के साथ डंडे लेकर दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सेल्समैन राहुल के साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस चौकी सेक्टर-46 की टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन (निवासी लोहडोला, फरीदाबाद), सौरभ नड्डा (निवासी सहारणी, सिरसा, वर्तमान पता सेक्टर-70 फरीदाबाद) और सौरभ हुड्डा (निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि पहले पेट्रोल भरवाने के दौरान नितिन की सेल्समैन से कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर वह अपने दोनों साथियों को लेकर वापस आया और तीनों ने मिलकर मारपीट की।