Faridabad/Alive News: वीर बाल दिवस के अवसर पर बल्लभगढ़ स्थित अटल ऑडिटोरियम में चार साहिबज़ादों की अमर शहादत को समर्पित भव्य लाइट एंड साउंड शो ‘सफर-ए-शहादत’ का आयोजन किया गया। हरियाणा कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबज़ादों के अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
एक घंटे के इस शो में गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान से लेकर चमकौर की गढ़ी और साहिबज़ादा बाबा जोरावर सिंह व बाबा फतेह सिंह की शहादत तक की ऐतिहासिक यात्रा को एलईडी विजुअल्स, लाइट, साउंड, एनिमेशन और वीएफएक्स के माध्यम से जीवंत किया गया। दर्शक भाव-विभोर हो उठे और इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
चंडीगढ़ से आए कलाकारों ने निर्देशक तलविंदर सिंह भुल्लर के मार्गदर्शन में प्रस्तुति दी। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य रविंदर सिंह राणा ने कहा कि यह आयोजन युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, त्याग और शौर्य के मूल्यों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान, एसडीएम मयंक भारद्वाज सहित गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

