March 7, 2026

महिला क्रिकेट में साधना सदन ने जीती ट्रॉफीदीक्षा पब्लिक स्कूल के खेल महोत्सव का हुआ समापन

Faridabad/Alive News: सेक्टर 91 स्थित दीक्षा पब्लिक स्कूल में चल रहा वार्षिक खेल महोत्सव गुरुवार को संपन्न हुआ। अंतिम दिन हुए फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन अनुशासन, जोश और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

अर्पणा सदन ने वॉलीबॉल, पुरुष क्रिकेट और कबड्डी में जीत हासिल कर सबसे ज्यादा अंक जुटाए और ओवरऑल चैंपियन बना।

महिला क्रिकेट के रोमांचक फाइनल में साधना सदन ने कर्मणा सदन को हराकर ट्रॉफी जीत ली। वहीं खो-खो में सद्भावना सदन विजेता रहा।

समारोह के मुख्य अतिथि मॉडर्न पब्लिक स्कूल के चेयरमैन सोहन लाल गुप्ता और विशिष्ट अतिथि भास्कर गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए। सोहन लाल गुप्ता ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल जरूरी है, क्योंकि खेल शरीर को मजबूत बनाते हैं और छात्र की दिनचर्या संतुलित करते हैं।

स्कूल के चेयरमैन ओमप्रकाश रैक्सवाल, गीता रैक्सवाल, प्रधानाचार्या कविता शर्मा और शिक्षा सलाहकार मीना ठुकराल ने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और मेहनत की सराहना की।