Delhi/Alive News: रूस ने दुनिया की पहली न्यूक्लियर पावर्ड क्रूज मिसाइल ‘बुरेवस्तनिक-9M739’ का सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल परमाणु ऊर्जा से चलती है और इसकी रफ्तार करीब 1300 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह अनलिमिटेड दूरी तक उड़ सकती है और दुश्मन के डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षम है।
राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया कि इसके सभी टेस्ट पूरे हो चुके हैं। 21 अक्टूबर को हुए परीक्षण में यह मिसाइल 15 घंटे तक उड़ती रही और करीब 14 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। सेना प्रमुख ने कहा कि यह इसकी अधिकतम सीमा नहीं है, यह इससे भी ज्यादा दूरी तय कर सकती है।
बुरेवस्तनिक मिसाइल को लॉन्च करने के लिए पहले रॉकेट बूस्टर का इस्तेमाल होता है, फिर इसका न्यूक्लियर रिएक्टर एक्टिव हो जाता है। यह मिसाइल जमीन से लॉन्च होती है और उड़ान के दौरान अपनी दिशा बदल सकती है, जिससे इसे ट्रैक करना बहुत मुश्किल हो जाता है।
अमेरिकी रिपोर्ट के अनुसार, यह मिसाइल रूस को अमेरिका तक हमला करने की क्षमता देती है। आमतौर पर इतनी दूरी तक हमला करने के लिए बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल होता है, लेकिन बुरेवस्तनिक पहली क्रूज मिसाइल है जो यह कर सकती है।
हालांकि, इस मिसाइल को लेकर कई तकनीकी चुनौतियां भी हैं। इसके कई परीक्षण असफल रहे हैं और 2019 में एक हादसे में 7 वैज्ञानिकों की मौत हो गई थी। उस समय रेडिएशन का स्तर भी बढ़ गया था। फिर भी रूस ने इसे एक अजेय हथियार बताया है।

