Faridabad/Alive News : तिगांव में फिरनी की सड़क निर्माण के मद्देनज़र यातायात पुलिस ने रूट डायवर्ट करने की एडवाइजरी जारी कर दी है। यह डायवर्जन सात फरवरी तक प्रभावी रहेगा। रूट डायवर्ट की अनुमति से संबंधित पत्र लोक निर्माण विभाग (PWD) और तिगांव थाना को भी भेज दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब तिगांव में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। बल्लभगढ़ की ओर से कौराली मोड़ जाने वाले वाहन चालक बैंक के सामने स्थित सदपुरा मोड़ की सड़क का उपयोग करेंगे। यह मार्ग भैंसरावली मोड़ से होते हुए मंधावली मोड़ और फिर कौराली मोड़ तक जाता है। विभाग का दावा है कि सात फरवरी तक इस पूरे मार्ग पर सीमेंटेड सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि शनिवार को दैनिक जागरण में “पुलिस ने नहीं दी रूट डायवर्ट की अनुमति, धीमी गति से चल रहा सड़क निर्माण” शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। इसके बाद पुलिस विभाग ने तुरंत रूट डायवर्ट की अनुमति जारी कर दी।
बताया जा रहा है कि तिगांव में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से फिरनी की सड़क को सीमेंटेड बनाया जा रहा है। सड़क पर भारी यातायात होने के कारण निर्माण कार्य रात में ही किया जा रहा था, जिससे काम की गति प्रभावित हो रही थी। दिन में कार्य करने के लिए यातायात बंद करना आवश्यक था, इसी कारण लोक निर्माण विभाग ने पुलिस को रूट डायवर्ट करने का पत्र भेजा था।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रकाश लाल ने बताया कि रूट डायवर्ट होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी और सड़क को तय समय में पूरा कर दिया जाएगा।
बसों के आवागमन पर रोक की मांग
तिगांव निवासी समाजसेवी योगेश अधाना ने मांग की है कि सात फरवरी तक गांव के बीच से गुजरने वाली सिटी बसों और रोडवेज बसों का आवागमन बंद किया जाए। उनका कहना है कि मुख्य सड़क बंद होने के कारण बसें गांव के अंदर से गुजरेंगी, जिससे जाम की स्थिति बनेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि बसों को तिगांव कॉलेज के पास से ही वापस मोड़ दिया जाए। साथ ही उन्होंने विभाग से सड़क निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने और नियमित रूप से तराई (क्योरिंग) करने की मांग भी की।

