Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के रोशन नगर में 1 अप्रैल की रात एक 25 वर्षीय युवक मानस की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता की शिकायत पर थाना पल्ला में केस दर्ज किया गया था।
पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 1 मई को मुख्य आरोपी अमन (23), निवासी शिवम कॉलोनी, ईस्माइलपुर को सेक्टर-91 स्थित दुर्गा बिल्डर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि अमन एक युवती को जानता था, जो रोशन नगर में रहती है। उसी युवती से मृतक मानस भी मिलने आया था। इसकी जानकारी मिलने पर अमन अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। वहां उन्होंने मानस के साथ मारपीट की और अमन ने उसे चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के रिमांड पर लिया है। इस मामले में युवती की बहन समेत 6 लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

