June 6, 2026

बैंक्वेट हॉल से एसी और कॉपर पाइप चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने एसी आउटडोर यूनिट और कॉपर पाइप चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई AVTS सिकरोना टीम ने की।

यह चोरी 19 अप्रैल की रात मथुरा रोड, सीकरी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में हुई थी। बैंक्वेट हॉल के मैनेजर अजय चोपड़ा ने पुलिस में शिकायत दी थी कि अज्ञात लोग एसी का आउटडोर यूनिट और कॉपर पाइप चोरी कर ले गए। इस पर थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने 1 मई को रोहित (28) और बादल (19), निवासी गद्दपुरी, पलवल को सेक्टर-58 ट्रांसपोर्ट नगर इलाके से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि दोनों दोस्त हैं और चोरी की रात बैंक्वेट हॉल में पीछे के रास्ते से घुसे थे। वहां से एसी आउटडोर और कॉपर पाइप चुराकर अपनी ब्रेजा गाड़ी में रखकर फरार हो गए। यह गाड़ी रोहित की है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी में इस्तेमाल ब्रेजा गाड़ी और एक एसी कॉपर पाइप बरामद किया है। दोनों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।