Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर 12 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज (निवासी संजय कॉलोनी), नितेश (निवासी जीवन नगर पार्ट-2) और गौतम (निवासी पर्वतीय कॉलोनी, फरीदाबाद) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अंकित (निवासी चावला कॉलोनी) ने शिकायत दी थी कि उसे 12 अप्रैल को 12 लाख रुपये दिल्ली भेजने थे। पैसे प्रहलाद के जरिए भेजे जा रहे थे, जो रैपिडो चालक मनोज के साथ बाइक पर निकला था।
कुछ देर बाद प्रहलाद ने फोन कर बताया कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर कुछ लोगों ने उससे पैसे लूट लिए हैं। इसके बाद थाना सेक्टर-8 में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज पहले भी कई बार प्रहलाद के साथ पैसे देने दिल्ली जा चुका था। 11 अप्रैल को ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बना ली थी।
घटना वाले दिन जब प्रहलाद और मनोज एक्सप्रेस-वे पर पहुंचे, तो उनके पीछे दूसरी बाइक पर रवि, हरीश और गौतम आ गए। रवि ने चलती बाइक से मनोज की बाइक की चाबी निकाल ली। बाइक रुकने पर हरीश ने चाकू दिखाकर प्रहलाद से 12 लाख रुपये लूट लिए और सभी आरोपी फरार हो गए।
लूट के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए अपनी बाइक नितेश को दे दी और उसकी बाइक लेकर चले गए।
फिलहाल, पुलिस रवि और हरीश की तलाश कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की बात कही जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

