June 6, 2026

अहाता मैनेजर हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, चाकू बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-3 स्थित अहाता के मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

इस मामले में एक किशोर सहित पहले ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए आकाश (निवासी प्रेम नगर झुग्गी, सेक्टर-8) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, सुमित (निवासी नंगला राम सिंह, जिला औरैया, उत्तर प्रदेश) ने शिकायत दी थी कि उसका भाई आदेश कुमार सेक्टर-3 स्थित शराब ठेके के साथ बने अहाते में मैनेजर के रूप में काम करता था।

15 अप्रैल की रात करीब 12 बजे सुमित अपने भाई के पास गया था। वहां उसने देखा कि दो लोग उसके भाई के साथ गाली-गलौच कर रहे थे। कुछ देर बाद 10-12 लोग लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे और आदेश कुमार पर हमला कर दिया।

इस हमले में आदेश कुमार को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आकाश ने झगड़े के दौरान आदेश कुमार पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने चाकू बरामद कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।