May 21, 2024

संयुक्त किसान मोर्चा के ‘भारत बंद’ के कारण सड़क और रेल सेवा प्रभावित

New Delhi/Alive News : केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ पूरे देश में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा किए गए भारत बंद का असर दिखने लगा है। संयुक्त किसान मोर्चा के आज ‘भारत बंद’ के ऐलान के चलते नोएडा, गुरुग्राम हाइवे पर भी कई किलोमीटर तक गाड़ियों की लंबी कतार लगी है। वहीं ताजा जानकारी के मुताबिक किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर NH-9 और NH-24 पूरी तरह से जाम कर दिया है। दिल्ली-अमृतसर नैशनल हाइवे पर यातायात सेवा पूरी तरह ठप्प है। इस बंद को कई राजनीतिक दलों ने भी समर्थन दिया है। किसान संगठनों द्वारा यह बंद सोमवार सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक के लिए किया गया है।

जानकारी के मुताबिक किसानों के बंद भारत का असर रेलवे पर ज्यादा पड़ रहा है। भारत बंद के चलते रेलवे ने लगभग 18 से अधिक ट्रेनों को रद्द किया कर दिया है। फिरोजपुर से लुधियाना, जालंधर, भटिंडा और अमृतसर से पठानकोट-जालंधर जाने वाली ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा अमृतसर से फाजिल्का को जाने वाली सभी ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। उत्तर रेलवे ने जानकारी देते हुए कहा है कि दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर मंडलों में रेल परिचालन प्रभावित है क्योंकि किसान रेल की पटरियों पर बैठे हैं। दिल्ली संभाग में 20 से ज्यादा जगहों पर जाम है। अंबाला और फिरोजपुर मंडल में करीब 25 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।