March 7, 2026

सेक्टर-37 के निवासियों ने ग्रीन बेल्ट विकसित करने का लिया संकल्प

Faridabad/Alive News : सेक्टर-37 के लिए लंबे समय से समस्या बनी ग्रीन बेल्ट को अब स्थानीय निवासियों ने अपने प्रयासों से संवारने की पहल की है। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) सेक्टर-37 के नेतृत्व में लोगों ने इस क्षेत्र को विकसित कर इसे ‘श्री खाटूश्याम वाटिका’ का नाम दिया है।

आरडब्ल्यूए प्रधान आई.डी. शर्मा और वरिष्ठ उप प्रधान आशा शर्मा ने बताया कि सेक्टर-37 दिल्ली से सटा हुआ क्षेत्र है। ग्रीन बेल्ट में आवारा पशुओं के जमावड़े के कारण पूरे इलाके में गंदगी फैलती थी और आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। इसके साथ ही यह क्षेत्र नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया था, जहां स्मैक, गांजा और शराब जैसे नशीले पदार्थों का सेवन कर अपराधों को अंजाम दिया जाता था।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए आरडब्ल्यूए और सेक्टर के निवासियों ने मिलकर स्वयं पहल की और अपने दम पर ग्रीन बेल्ट को विकसित करने का निर्णय लिया। इस विकसित हो रहे क्षेत्र को ‘श्री खाटूश्याम वाटिका’ नाम दिया गया है, ताकि यह स्थान हरियाली के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों के लिए भी उपयोगी बन सके।

इस कार्य में आरडब्ल्यूए प्रधान आई.डी. शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान आशा शर्मा, उप प्रधान प्रवीन चौहान, सह सचिव मुकेश मल्होत्रा, प्रेस सचिव एस.एन. मिश्रा सहित युवा सदस्य मुकेश शर्मा, पंकज शर्मा, ओ.पी. शर्मा, सुखराम शर्मा, नरेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा, आर.पी. सिंह, पी.सी. सोम, मास्टर केशव शर्मा, रमेश सिंह, अनीता अग्रवाल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अरिमा, प्रेमा सिंह, जितेंद्र पाल भंडारी, कविता, रामपरी, अनिमा शर्मा, सत्य प्रकाश भारद्वाज सहित अनेक महिला-पुरुष नियमित रूप से श्रमदान कर रहे हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह पहल न केवल ग्रीन बेल्ट को सुंदर और सुरक्षित बनाएगी, बल्कि सेक्टर-37 के सामाजिक और पर्यावरणीय माहौल को भी बेहतर करेगी।