March 8, 2026

बीपीटीपी बिल्डर की मनमानी के खिलाफ न्यू इलाइट फ्लोर के रेजिडेंट ने सुविधाओं को लेकर जताया रोष

Prabhjot Kaur/Alive News
Faridabad : 
ग्रेटर फरीदाबाद की सोसायटी में रहने वाले लोग अब बीपीटीपी  बिल्डर की मनमानी के खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं। सेक्टर 75 से 89 तक फैली सोसायटी के रेजिडेंट लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव और जबरन वसूली से परेशान होकर सरकार के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों को राहत की गुहार लगा चुके है, लेकिन निवासियों को आश्वासन के सिवा कोई राहत नहीं मिली। बीपीटीपी बिल्डर की सोसायटी न्यू इलाइट फ्लोर (पीसी ब्लॉक, सेक्टर 77) के रेजिडेंट एवं सीनियर सिटीजन आर.डी. कसाना ने बिल्डर की शोषणकारी नीतियों के खिलाफ एक प्रेस नोट जारी कर अपनी आवाज उठाई है।

उन्होंने  बीपीटीपी  बिल्डर पर आरोप लगाते हुए कहा कि बीपीटीपी बिल्डर  रेजिडेंस की बिना सहमति के 60 प्रतिशत तक मेंटेनेंस चार्ज बढ़ा चुका है। इतना मेंटेनेंस चार्ज लेने के बाद भी सोसायटी में न पार्क है और न ही क्लब हाउस है।  आर.डी. कसाना ने बताया कि क्लब बनाने के नाम पर बिल्डर उनसे 12 साल पहले पैसे ले चुका है और क्लब बनाया तो पर ब्लॉक से 4 से 5 किलोमीटर दूर है। इसके अलावा  बिल्डर बिजली बिलों में भी मनमानी वसूली कर रहा है। हालांकि  डीएचबीवीएन के आदेश के बावजूद भी बिजली की 120 यूनिट से कम खपत पर भी एमएमसी चार्ज लगाया जा रहा है। इसके अलावा कॉमन एरिया बिजली (सीएई) चार्ज के नाम पर भी अतिरिक्त रकम वसूली जा रही है।

इसको लेकर वह लोग कई बार क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राजेश नागर और कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को अपनी समस्या से लिखित में अवगत करा चुके हैं। इतना ही नहीं उन्होंने सभी रेजीडेंस के साथ मिलकर चंडीगढ़ तक उच्च अधिकारियों से भी गुहार लगाई। उन्होंने ने कहा कि वह लोग तीन बार सीएम विंडो पर शिकायत दे चुके हैं। 
 न्यू इलाइट फ्लोर (पीसी ब्लॉक, सेक्टर 77) रेजिडेंट एवं सीनियर सिटीजन आर.डी. कसाना ने नगर निगम कमिश्नर को सोसायटी को नगर निगम में शामिल करने की लिखित में मांग कर चुके है। जिससे बीपीटीपी सेक्टर में आने वाली सोसायटियों को हर रोज साफ सफाई, सीवर का समस्या से निजात, टूटी सड़क से निजात और पीने के पानी जैसी सुविधाएं मिल सकें। वहीं डीएचबीवीएन अधिकारियों को भी बिजली बिलों में गड़बड़ी को लेकर शिकायत दे चुके है। रेजीडेंस का कहना है कि जब वह नगर निगम को सन 2020 से हाउस टैक्स दे रहे है तो नगर निगम उनके सेक्टर की  सोसायटियों को अपने अधीन लें। ताकि उन्हें मूलभूत सुविधा मिल सके। 

क्या कहना है बिल्डर का 
कंपनी प्रबंधन ने मेंटेनेंस चार्ज की बढ़ोतरी नियमानुसार ही की है और कंपनी की ओर से रेजीडेंट को पूरा विवरण CA सर्टिफिकेट के साथ दिया गया है। कंपनी ने बिना वजह कोई चार्ज नहीं लिया है। बिजली बिलों में भी सरकार द्वारा तय राशि ही ला जा रही है। बिजली बिलों में कंपनी की ओर से कोई अतिरिक्त वसूली नहीं की जा रही। हमारी कंपनी ने सरकार या रेजिडेंट से पहले ही कहा था कि सोसायटी को यहां के रेजिडेंट खुद टेकओवर कर ले, इसमें उनकी कंपनी को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन टेकओवर को लेकर न सरकार तैयार है और न ही यहां के रेजिडेंट तैयार हैं। 
– श्याम सुंदर, एमडी मेंटेनेंस विभाग, बीपीएमसी (बीपीटीपी बिल्डर)।