March 8, 2026

वार्ड-7 के नंगला एन्क्लेव पार्ट-2 में सीवर ओवरफ्लो से जूझ रहे लोग, स्थायी समाधान नहीं

Faridabad/Alive News : वार्ड- 7 के नंगला एन्क्लेव पार्ट 2 की वेद मंदिर गली के हालात बेहद खराब हैं। यहां सीवर का पानी कई महीनों से लगातार गलियों में बह रहा है। लोगों के घर के बाहर गंदा पानी जमा होने से आना-जाना मुश्किल हो रहा है। बड़े मजे की बात तो यह है कि जहां पर गली में गंदा पानी जमा है उस गली से पार्षद सविता भड़ाना का ऑफिस चंद कदमों की दूरी पर है। लेकिन गंदे पानी की निकासी का समाधान नहीं हो रहा।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है। भाजपा सरकार की पहली पारी से ही इस पॉकेट में सीवर ओवरफ्लो की समस्या, नाली की सफाई और गलियों के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया। सीवर ओवरफ्लो की समस्या न तो विधायक, पूर्व पार्षद और न ही वर्तमान पार्षद तथा  नगर निगम के अधिकारी स्थायी हल नहीं कर पाये हैं।

गली में पैदल चलने तक की जगह नहीं बची, लोग ईंटें रखकर रास्ता बना रहे हैं। नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग और वार्ड पार्षद की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आए दिन अधिकारी व ठेकेदार सिर्फ कागजी समाधान कर रहे हैं, लेकिन हकीकत में सीवर की सफाई या मरम्मत पूरी तरह से नहीं हो रही। जैसे ही गली की सफाई होती है, अगले ही दिन फिर वही पुरानी स्थिति लौट आती है।

क्या कहना है स्थानीय लोगों का
हमारे यहां सीवर ओवरफ्लो की समस्या पिछले 5 साल से बनी हुई है। इसकी शिकायत कई बार पार्षद, विधायक और अधिकारियों को भी की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इस क्षेत्र में कई प्राइवेट स्कूल हैं जिनमें हजारों बच्चे पढ़ने जाते हैं और गलियों में सीवर का पानी भरा होने के कारण बच्चे हर रोज गंदे पानी से होकर गुजरते हैं। कई बार पैर फिसलने से या फिर पानी अधिक होने की वजह से गिर जाते हैं और उन्हें स्कूल की छुट्टी करनी पड़ती है। समाधान होना चाहिए।
प्रेमा, स्थानीय निवासी

नालियों की सफाई से लेकर सीवर तक की सफाई के लिए लोगों को पार्षद, अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। हमारे क्षेत्र में न तो सड़क ठीक है न गलियां ठीक है, फिर भी हर पांच साल बाद वोट मांगने के लिए नेता पहुंच जाते हैं।
-गोवर्धन, स्थानीय निवासी

क्या कहना है अधिकारी का
सीवर की सफाई को लेकर उनके पास अभी तक कोई शिकायत नहीं आई है लेकिन आप के माध्यम से जानकारी मिली है। अब इस समस्या का समाधान जल्द करवा दिया जाएगा।
-सतपाल, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम फरीदाबाद।