March 8, 2026

राजकीय विद्यालय का नवीनीकरण बनेगा शिक्षा क्षेत्र में मील का पत्थर : डीसी

Faridabad/Alive News: उपायुक्त विक्रम सिंह ने राजकीय विद्यालय सराय के नवीनीकरण को शिक्षा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। लघु सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी ने शिक्षा विभाग और एचएसवीपी अधिकारियों को परियोजना से जुड़े दिशा-निर्देश दिए।

डीसी ने बताया कि दो मंजिला भवन को चार मंजिला आधुनिक स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें करीब छह हजार छात्रों के बैठने की व्यवस्था होगी। स्कूल में लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब सहित सभी आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में डिज़ाइन, गुणवत्ता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा परियोजना समय पर पूरी की जाए। डीसी ने स्कूल के शिक्षण वातावरण, स्वच्छता और स्टाफ सुविधाओं के उन्नयन पर भी जोर दिया।

परियोजना के पूर्ण होने पर यह विद्यालय जिले में आदर्श मॉडल स्कूल के रूप में स्थापित होगा। बैठक में एचएसवीपी प्रशासक अनुपमा अंजलि, जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल सिंगला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।