April 30, 2024

राहत: देश में 125 दिनों बाद आए कोरोना के सबसे कम मामले, 374 की मौत

New Delhi/Alive News: देश में अब कोरोना का कहर कम होने लगा है। बीते दिनों से लगातार मामलों में गिरावट दर्ज की जा रही है। देश में आज 125 दिनों बाद कोरोना वायरस के सबसे कम 30 हजार 93 नए मामले दर्ज किए गए हैं।​ रिकवरी रेट बढ़कर 97.37 फीसदी हो गया है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 1.68 फीसदी है। देश में कल 374 लोगों की मौत हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अब कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3 करोड़ 11 लाख 74 हजार 322 हो गई है। 374 मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या 4 लाख 14 हजार 482 हो गई है। देश में 45 हजार 254 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 3 करोड़ 3 लाख 53 हजार 710 हो गई है।

देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4 लाख 6 हजार 130 है। देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस की 52 लाख 67 हजार 309 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 41 करोड़ 18 लाख 46 हजार 401 हो गया है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 17 लाख 92 हजार 336 सैंपल टेस्ट किए गए है। जिसके बाद कल तक कुल 44 करोड़ 73 लाख 41 हजार 133 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

आपको बता दे कि देश का दक्षिण राज्य केरल इस वक्त कोरोना वायरस महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहा है। यहां अब हर दिन नए मामलों की संख्या 10 हजार से ज्यादा दर्ज हो रही है। केरल में सोमवार को संक्रमण के 9931 नए मामले सामने आए है। राज्य में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 31 लाख 70 हजार 868 है। राज्य में महामारी के कारण 58 और लोगों की मौत हो गई है, जिसके बाद संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हजार 408 हो गई है.