Faridabad/Alive News: वाहनों के चालान में अपराध की श्रेणी और जुर्माने की राशि कम कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि संबंधित लोगों ने वाहन चालकों से पूरा जुर्माना वसूल किया, लेकिन चालान को एडिट कर कोर्ट में कम राशि जमा की। इस गड़बड़ी का खुलासा पुलिस आयुक्त के आदेश पर एसीपी सेंट्रल द्वारा की गई जांच में हुआ, जिसमें 25 ऐसे चालान सामने आए जिनमें हेराफेरी की गई थी। मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
अलग-अलग विभागों में कार्यरत थे आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपितों में यातायात चालान शाखा में तैनात होमगार्ड शुभम, जेएमआईसी सरिता सोलंकी की अदालत में नियुक्त अहलमद वीरेंद्र और एक अन्य व्यक्ति शामिल है, जो कोर्ट में चालान भरवाने का काम करता था।
चालान राशि में गड़बड़ी पर ऐसे पड़ा ध्यान
यह गड़बड़ी सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय की यातायात चालान शाखा में की गई, जहां पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय भी स्थित हैं। फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश सौरभ गोसाई ने चालान राशि में गड़बड़ी को लेकर जिला न्यायाधीश को पत्र लिखकर जांच की मांग की थी। इसके बाद जिला न्यायाधीश के निर्देश पर पुलिस आयुक्त ने एसीपी सेंट्रल को जांच सौंपी।
एप के माध्यम से चालानों में की जाती थी छेड़छाड़
जांच में सामने आया कि यातायात चालान शाखा में तैनात कर्मी एप के जरिए चालानों को एडिट कर अपराध की श्रेणी और जुर्माने की राशि दोनों में बदलाव कर रहे थे। आरोपितों के पास सीआईएस (चालान इन्क्वायरी सिस्टम) का सीधा एक्सेस भी था, जिसके जरिए वे जाली चालान तैयार कर उन्हें सिस्टम में दर्ज कर देते थे।
20 हजार के चालान को 500 में बदला
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि जेएमआईसी सरिता सोलंकी की अदालत में ऋषिपाल नामक व्यक्ति से गलत ड्राइविंग के नाम पर 500 रुपये का जुर्माना जमा कराया गया। जबकि वाहन इन्फो वेबसाइट या एप पर जांच करने पर पता चला कि वास्तव में उस पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 115 के तहत नो-एंट्री उल्लंघन का 20 हजार रुपये का चालान था। इसमें से केवल 500 रुपये सरकारी खजाने में जमा हुए और शेष राशि आरोपितों ने आपस में बांट ली।
25 चालानों में पाई गई अनियमितता
जांच में कुल 25 ऐसे चालान सामने आए, जिनमें अदालतों में जमा कराई गई राशि और ट्रैफिक पुलिस हरियाणा द्वारा जारी मूल चालान का विवरण मेल नहीं खा रहा था। थाना प्रभारी एसएचओ अजीत के अनुसार इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच अभी जारी है।

