March 7, 2026

अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में रेडक्रॉस का नशा मुक्ति जागरूकता सेमिनार आयोजित

Faridabad/Alive News : भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी व महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के अध्यक्ष आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में अग्रवाल कॉलेज, बल्लभगढ़ में एक दिवसीय नशा मुक्ति जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सचिव बिजेंद्र सोरोत ने किया।

सेमिनार में उप सिविल सर्जन डॉ. मान सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए प्रेम, समाज सेवा और देशभक्ति को सच्चा नशा बताया। सचिव बिजेंद्र सोरोत ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से समय रहते सतर्क रहने की अपील की।

उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने उपस्थित विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलाई। परियोजना निदेशक धर्मेंद्र कसाना ने नशे के प्रकार, बचाव के उपाय व रेडक्रॉस नशा मुक्ति केंद्र सेक्टर-14 फरीदाबाद की जानकारी दी। समाजसेवी कर्मवीर ने युवाओं से अपनी ऊर्जा देशहित में लगाने का आह्वान किया।

कॉलेज के प्रधानाचार्य संजीव कुमार गुप्ता ने रेडक्रॉस सोसाइटी का आभार व्यक्त किया। सेमिनार में विद्यार्थियों, अध्यापकों व गणमान्य व्यक्तियों को नशा न करने की शपथ दिलाई गई। आयोजन में वाईआरसी टीम व कॉलेज स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।