Noida/Alive News: जिले में सड़क हादसों को कम करने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में ब्लैक स्पॉट स्थानों पर चल रहे सुधार कार्यों और ई-डीएआर पोर्टल की समीक्षा की गई। इस दौरान कई ब्लैक स्पॉट के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना समय पर न मिलने पर डीएम ने संबंधित विभागों को फटकार लगाई।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि हर ब्लैक स्पॉट के लिए जल्द विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड लिमिट बोर्ड, रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग, स्ट्रीट लाइट, क्रैश बैरियर और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम जल्द कराने के निर्देश दिए।
बैठक में परिवहन विभाग, ट्रैफिक पुलिस, लोक निर्माण विभाग और संबंधित प्राधिकरणों को संयुक्त अभियान चलाकर ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, अवैध पार्किंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सड़क हादसों से जुड़े सभी मामलों की ई-डीएआर पोर्टल पर समय से प्रविष्टि करने और हेलमेट, सीट बेल्ट व यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। बैठक में एडीएम अजीत कुमार सिंह, डीसीपी आर.के. गौतम, एआरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

