July 18, 2026

यूजी प्रवेश के लिए आवेदन का आखिरी मौका

Noida/Alive News: जिले के कॉलेजों में यूजी के विभिन्न कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इच्छुक छात्रों के पास आवेदन करने के लिए अब केवल दो दिन का समय बचा है। वहीं, मेरिट सूची जारी होने की तारीख नजदीक आने के साथ ही अभिभावक कॉलेज पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया, कोर्स और मेरिट सूची से जुड़ी जानकारी ले रहे हैं।

सेक्टर-39 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज के क्लर्क अर्जित सिंह ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण प्रतिदिन 40 से 50 अभिभावक अपने बच्चों के साथ कॉलेज पहुंच रहे हैं। वे विभिन्न यूजी कोर्स, प्रवेश प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में जानकारी ले रहे हैं। पहली मेरिट सूची 21 जुलाई को और दूसरी मेरिट सूची 31 जुलाई को जारी की जाएगी। मेरिट सूची जारी होने के बाद चयनित छात्रों की काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी।

उन्होंने कहा कि छात्र अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी या अन्य समस्या के कारण प्रवेश से वंचित न रहना पड़े।