Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद में अनुबंध आधार पर एक राजस्व सलाहकार और दो सहायक राजस्व सलाहकारों की नियुक्ति की जाएगी। इस संबंध में नगर निगम द्वारा 30 जुलाई 2025 को वॉक-इन-इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह नियुक्ति प्रक्रिया हरियाणा नगर निगम व्यवसाय उपनियम-2009 की धारा 378डी 1(2) के अंतर्गत की जा रही है।
राजस्व सलाहकार पद के लिए केवल सेवानिवृत्त जिला राजस्व अधिकारियों को पात्र माना गया है, जबकि सहायक राजस्व सलाहकार के पद के लिए सेवानिवृत्त तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों को 30 जुलाई 2025 को प्रातः 11 बजे नगर निगम फरीदाबाद स्थित अतिरिक्त आयुक्त-द्वितीय के कार्यालय, कक्ष संख्या 86, बी.के. चौक, एनआईटी फरीदाबाद में साक्षात्कार के लिए उपस्थित होना होगा।
यह नियुक्ति एक वर्ष की निश्चित अवधि के लिए की जाएगी, जिसे आवश्यकता पड़ने पर आगे बढ़ाया भी जा सकता है। साक्षात्कार शहरी स्थानीय निकाय, हरियाणा, पंचकूला द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों को इस प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या दैनिक भत्ता देय नहीं होगा।
नगर निगम फरीदाबाद ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह इस नियुक्ति प्रक्रिया को किसी भी समय निरस्त करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।

