March 8, 2026

विजयदशमी पर राष्ट्रीय राजपूत परिषद ने किया शस्त्र पूजन का आयोजन

Faridabad/Alive News: विजयदशमी के पावन अवसर पर राष्ट्रीय राजपूत परिषद द्वारा इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, फरीदाबाद में सामूहिक शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राजपूत समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्वलन कर की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि एजुकेशन डायरेक्टर संजय सिंह का परिषद की ओर से पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। परिषद के राष्ट्रीय संयोजक ठाकुर तिलक राज चौहान ने संबोधित करते हुए कहा कि प्राचीन काल से ही राजपूत योद्धाओं सम्राट पृथ्वीराज चौहान, महाराणा प्रताप, सम्राट मिहिर भोज आदि ने अपने पराक्रम और बलिदान से देश और धर्म की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि शस्त्र और क्षत्रिय एक-दूसरे के पूरक हैं। शस्त्र के बिना राजपूत अधूरा है, वहीं वर्तमान समय में कलम का महत्व भी उतना ही आवश्यक है। आने वाली पीढ़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और संस्कारों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि शास्त्र से बुद्धि और शस्त्र से बल का समन्वय होता है। शास्त्र जहां जीवन के लिए व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करते हैं, वहीं शस्त्र समाज और देश की रक्षा का माध्यम बनते हैं। चौहान ने राजपूत समाज को आपसी मतभेद भुलाकर पारस्परिक प्रेम, भाईचारे और एकजुटता को मजबूत करने का संदेश दिया।

परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर गजेन्द्र सिंह चौहान ने विजयदशमी के अवसर पर समाज को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छाई पर बुराई की जीत का यह पर्व हमें संगठित होकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है।

शस्त्र पूजन समारोह में राष्ट्रीय परिषद के संरक्षक के.एस. भाटी, डी.के. चौहान, राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा, संगठन प्रभारी धीर सिंह चौहान, राष्ट्रीय सलाहकार विनोद कुमार तोमर सहित प्रदेश अध्यक्ष, जिला प्रभारी और विभिन्न राज्यों से आए गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों को परिषद की ओर से सम्मानित किया गया।

अंत में राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण चौहान ने उपस्थित अतिथियों और सदस्यों का आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।