May 19, 2024

दुष्कर्म पीड़िता ने एफआईआर कैंसल होने पर हरियाणा के डीजीपी से लगाई इंसाफ की गुहार

Chandigarh/Alive News : पंचकूला सेक्टर-5 स्थित महिला थाने में एक युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाकर सुधीर राणा के खिलाफ 5 अगस्त को शिकायत दी थी। मिली जानकारी के अनुसार महिला ने आरोप लगाया था कि आईओ सुनीता और एसएचओ नेहा चौहान ने पीड़िता को बिना जानकारी दिए उसकी एफआईआर कैंसल कर दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुधीर राणा ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। इसके बाद भी पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी का झांसा देकर आरोपी सुधीर राणा ने उसके साथ दो साल तक दुष्कर्म किया था। इस दौरान वह उसे होटल में ले जाकर संबंध बनाता था। युवती ने बताया कि उसने शादी करने के लिए एक साल का समय भी मांगा था। इस पर उसने हामी भर दी। इसके बाद उसने अपना रोका दूसरी जगह कर लिया।

युवती के अनुसार आरोपी ने उसे अपने पिता के नाम की धमकी दी कि उसके पिता की पहुंच सीएम तक हैं। उसका कोई कुछ नहीं कर सकता है। युवती ने बताया कि वह 21 अक्तूबर को दोबारा पंचकूला महिला थाने में गई। उसने अपने केस के बारे में पूछा तो पता चला कि उसकी एफआईआर कैंसल कर दी गई है। उसे इसकी जानकारी महिला थाना प्रभारी ने 24 अक्तूबर को दी है। आरोप लगाया कि वह सबूत पुलिस को पहले दे चुकी है। होटल के बिल सहित सभी चीजें दी थी। एफआईआर इन्हीं सबूतों पर लिखी गई थी। लेकिन उसके बाद उसका मेडिकल तक नहीं कराया गया।