May 2, 2024

साध्‍वियों से रेप केस में राम रहीम को 10 वर्ष की सजा

Chandigarh/ Alive News: साध्वी रेप केस में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सजा पर फैसला आ गया है। जज जगदीप सिंह ने साध्‍वियों से रेप केस मामले में डेरा प्रमुख राम रहीम को गुनहगार मानते हुए दस साल की सजा सुनाई है। रोहतक जेल में लगी अस्‍थायी कोर्ट में जज जगदीप सिंह ने राम रहीम की सजा पर अपना फैसला सुनाया।

सजा सुनते ही राम रहीम की आंखों में आंसू आ गए। सजा से पहले उन्होंने जज के सामने अपने सामाजिक कार्यों का गुणगान करते हुए कहा, मैंने हमेशा समाज की भलाई और सुधार के लिए काम किया। राम रहीम के वकीलों न भी डेरे के सामाजिक कार्यों की दुहाई देते हुए उन्हें कम से कम सजा की मांग की। बचाव पक्ष की इस दलील का सीबीआई के वकीलों ने जबरदस्त विरोध किया और उन्होंने इसके लिए अधिकतम सजा की मांग की।

वहीं सजा से पहले जज ने दोनों पक्षों को दस दस मिनट का समय अपना पक्ष रखने का दिया था। बता दें कि बीते शुक्रवार को सीबीआई की पंचकूला की विशेष अदालत ने राम रहीम को अपनी दो साध्‍वियों से रेप के मामले में दोषी माना ‌था।