Faridabad/Alive News: करीब 850 दुकानदारों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक दिलाने की मांग को लेकर हरियाणा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राम जुनेजा ने एक बार फिर फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा से मुलाकात की। इस दौरान बल्लभगढ़, नीलम पुल, बाटा चौक, ओटोपिन मार्केट आदि क्षेत्रों के व्यापारी प्रतिनिधि भी साथ रहे।
यह दुकानें उन क्षेत्रों में हैं जिन्हें नगर निगम की रिपोर्ट में “राइट ऑफ वे” (सड़क मार्ग में बाधा) बताया गया है, जिस कारण इन दुकानों को फ्री होल्ड नहीं किया जा रहा। जबकि अन्य कई लीजधारक दुकानदार पहले ही सरकार से मालिकाना हक हासिल कर चुके हैं।
राम जुनेजा लंबे समय से लीजधारक दुकानदारों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनकी कोशिशों से कई दुकानदारों को पहले ही फ्रीहोल्ड का लाभ मिल चुका है। हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने भी 1999 में पैसे जमा करने के बावजूद मालिकाना हक से वंचित दुकानदारों को उनके कागजात सौंपे।
अब बची हुई 850 दुकानों को लेकर राम जुनेजा ने निगमायुक्त से फिर अपील की। इस पर आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा ने सुझाव दिया कि तिकोना पार्क के पीछे करीब 3 एकड़ जमीन पर एक नई मार्केट बनाकर इन दुकानदारों को दुकानें दी जा सकती हैं।
राम जुनेजा ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि व्यापारी इस पर विचार करेंगे, लेकिन निगमायुक्त को खुद जाकर उन मार्केट्स का दौरा करना चाहिए जिन्हें निगम अधिकारी “रास्ते में बाधक” बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में तो दुकानों के सामने शोरूम पास हैं, बड़े अस्पताल हैं, और जिन रास्तों पर कोई उपयोग नहीं हो रहा, उन्हें राईट ऑफ वे बताया गया है।
निगमायुक्त ने आश्वासन दिया है कि वे जल्द ही खुद मौके का दौरा करेंगे और इसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

