June 6, 2026

संत विद्या निकेतन स्कूल में पृथ्वी दिवस पर रैली, पौधारोपण और प्रतियोगिताएं आयोजित

Faridabad/Alive News : बल्लभगढ़ राजीव कालोनी स्थित संत विद्या निकेतन स्कूल में 22 अप्रैल को पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर छात्रों ने रैली, पौधारोपण और कई गतिविधियों के जरिए पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। स्कूल के चेयरमैन एम.एस. नागर और प्रिंसिपल आशीष नागर ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

कक्षा 6 के छात्रों ने एक नाटक प्रस्तुत किया, जिसमें दिखाया गया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का असर आखिरकार इंसानों पर ही पड़ता है।

पृथ्वी दिवस पर अलग-अलग कक्षाओं के लिए प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। कक्षा 8 के छात्रों ने पोस्टर बनाए, जबकि कक्षा 3 से 5 तक के बच्चों ने ड्राइंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। छोटे बच्चों पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों ने राजीव कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने लोगों को समझाया कि पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं की रक्षा करना जरूरी है, तभी पृथ्वी और जीवन सुरक्षित रहेगा।

यह कार्यक्रम नई शिक्षा नीति 2020 के अनुसार आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों को गतिविधियों के जरिए सीखने, रचनात्मकता बढ़ाने और सामाजिक जिम्मेदारी समझाने पर जोर दिया गया।

इस आयोजन से छात्रों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना बढ़ी।