Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के फतेहपुर बिल्लौच अनाज मंडी में आढ़ती पर हमला करवाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के जरिए पुलिस विभाग में चालक के पद पर काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को दिन में 10-12 बदमाश दो गाड़ियों में सवार होकर मंडी पहुंचे और आढ़ती रणजीत रावत के साथ मारपीट की। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर बल्लभगढ़ में मारपीट और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 22 अप्रैल को समुन्द्र नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया। वह पलवल के हथीन इलाके का रहने वाला है।
पूछताछ में सामने आया कि 18 अप्रैल को समुन्द्र किसी काम से उसी मंडी में गया था। वहां वह पेड़ से बेलगिरी का फल तोड़ रहा था, जिस पर आढ़ती ने उसे रोक दिया और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। उस समय समुन्द्र ने माफी मांग ली थी और मामला शांत हो गया था।
लेकिन इसी बात की रंजिश रखते हुए समुन्द्र ने 20 अप्रैल को अपने साथियों को बुलाकर आढ़ती पर हमला करवा दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके नौकरी से हटाने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भी भेज दिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

