March 7, 2026

 यूपी-बिहार में बारिश, एमपी में तापमान गिरा

Delhi/Alive News: चक्रवात मोंथा लगातार कमजोर हो रहा है, लेकिन इसका असर कई राज्यों में देखा जा रहा है। आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में चक्रवात से काफी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में तीन लोगों की मौत हो गई, 42 मवेशी मारे गए और करीब 1.5 लाख एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं। तेलंगाना के कई हिस्सों में तेज बारिश जारी है। सूर्यापेट में पेड़ गिरने से बाइक सवार की मौत हो गई। खम्मम जिले में एक ट्रक ड्राइवर के बह जाने की भी खबर है। चक्रवात मोंथा का असर उत्तर भारत के राज्यों पर दिखा।

मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी बारिश जारी है। बृहस्पतिवार को यूपी के अयोध्या, लखनऊ-कानपुर समेत 15 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हुई। काशी में बारिश से जलभराव हो गया। मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं, भोपाल, इंदौर-उज्जैन में तेज हवा चली। राजस्थान के जयपुर, अलवर, करौली सहित कई जिलों में बृहस्पतिवार सुबह तेज बूंदाबांदी हुई। इससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। उधर, नेपाल में चक्रवात ‘मोन्था’ के असर से लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। 

नेपाली मौसम विभाग ने 26 जिलों में बाढ़ और भूस्खलन का अलर्ट जारी किया है। कोशी, मधेश और बागमती प्रांतों की नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे के इलाकों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अरब सागर के पूर्व-मध्य भाग में एक और निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। पूर्व-मध्य अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र बीते छह घंटों में पश्चिम की ओर 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ा है और अगले 36 घंटे तक इस ओर ही बढ़ेगा।

आंध्र प्रदेश : बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11,000 कर्मचारी तैनात
आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव के विजयानंद ने बताया कि चक्रवात मोंथा के दौरान राज्य में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए 11,000 से ज्यादा बिजली विभाग के कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बृहस्पतिवार तक 100% बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। चक्रवात के समय 9 सबस्टेशन (220 केवी), 4 (400 केवी) और 11 (132 केवी) सबस्टेशनों में दिक्कतें आई थीं, जिन्हें तुरंत ठीक किया गया। भारी बारिश के बावजूद बिजली कर्मचारी लगातार काम करते रहे ताकि लोगों को बिजली की परेशानी न हो। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बापतला जिले के एक स्थानीय चर्च में फंसे 15 लोगों को चक्रवात मोंथा के दौरान सुरक्षित बचा लिया गया। मुख्यमंत्री नायडू ने बचावकर्मियों की सराहना की और बचाव अभियान से जुड़ा एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में लोग कमर तक पानी में फंसे दिखे, जिन्हें रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

चक्रवात ‘मोंथा’ से आंध्र प्रदेश को 5,265 करोड़ का नुकसान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ से राज्य को करीब 5,265 करोड़ का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि यह प्रारंभिक अनुमान है, और विस्तृत रिपोर्ट जल्द केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। सचिवालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नायडू ने विभिन्न विभागों और क्षेत्रों में हुए नुकसान का ब्यौरा दिया।

उन्होंने बताया कि सड़क एवं भवन विभाग को सबसे अधिक 2,079 करोड़ का, कृषि क्षेत्र को 829 करोड़, बागवानी को 40 करोड़, रेशम उत्पादन को 65 लाख, मत्स्य पालन क्षेत्र को 1,270 करोड़, नगर प्रशासन विभाग को 109 करोड़, जल संसाधन विभाग को 207 करोड़, ग्रामीण जल आपूर्ति को 1.2 करोड़, पंचायत राज विभाग को 9 करोड़ और महिला एवं बाल कल्याण विभाग को 1.52 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। नायडू ने बताया कि भारी बारिश और तेज हवाओं से कई सड़कें टूट गईं, और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। उन्होंने कहा कि नुकसान का अंतिम आंकड़ा अन्य प्रभावित इलाकों का मूल्यांकन करने के बाद अपडेट किया जाएगा।

नेल्लोर, बापटल और प्रकाशम सबसे प्रभावित जिले
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मोंथा’ से सबसे अधिक प्रभावित जिले नेल्लोर, बापटल और प्रकाशम रहे, जबकि अनुमानित जगह काकीनाडा में लैंडफॉल नहीं हुआ। मौसम प्रणाली ने अंततः कोनसीमा जिले के अंतरवेदी गांव के पास तट को पार किया। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य के प्रमुख जलाशय अब अपनी क्षमता के लगभग 90 प्रतिशत तक भर चुके हैं, जिनमें करीब 98.5 टीएमसी (हजार मिलियन घन) पानी संग्रहित है।