Sonipat/Alive News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार सुबह सोनीपत के गोहाना में एक किसान की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे। यह वही किसान संजय हैं, जिनके खेत में राहुल गांधी ने करीब तीन साल पहले ट्रैक्टर चलाया था और धान की रोपाई भी की थी।
सुबह करीब 10:45 बजे राहुल गांधी जैसे ही अपनी कार से उतरे, उनके हाथ से मोबाइल गिर गया। उन्होंने झुककर उसे उठाया और आगे बढ़े। वहां मौजूद लोगों और नेताओं ने उनका स्वागत किया और उन्हें हरियाणवी पगड़ी पहनाई। दरवाजे पर खड़े युवाओं ने जोर से कहा, “राहुल भाई राम-राम”, जिस पर राहुल ने हाथ जोड़कर मुस्कराते हुए अभिवादन किया।
राहुल गांधी करीब आधा घंटा शादी में रुके। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ बैठकर चूरमा खाया और एक गिलास दूध पिया। बताया गया कि चूरमा किसान संजय की पत्नी सुनीता देवी ने बनाया था।
शादी में राहुल गांधी जमीन पर बिछे गद्दों पर परिवार के लोगों के बीच बैठे। इस दौरान महिलाएं शादी के पारंपरिक गीत गा रही थीं और राहुल उनसे शादी की रस्मों के बारे में पूछते रहे।
किसान संजय के परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि राहुल गांधी शादी में आएंगे। अचानक उनके आने की खबर मिली तो पूरे परिवार और मेहमानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
दरअसल राहुल गांधी की किसान संजय से मुलाकात 8 जुलाई 2023 को हुई थी, जब वह अचानक सोनीपत के मदीना गांव पहुंचे थे। उस समय उन्होंने संजय के खेत में ट्रैक्टर चलाया और किसानों के साथ मिलकर धान की रोपाई भी की थी। उसी दौरान उन्होंने किसानों के साथ बैठकर खाना भी खाया था।
बताया जा रहा है कि किसान संजय एक सीमांत किसान हैं और उनके पास करीब आधा एकड़ जमीन है। अब राहुल गांधी ने उनकी बेटी की शादी में पहुंचकर अपना वादा निभाया।

