June 2, 2025

पुतिन बिना शर्त वार्ता को तैयार, जेलेंस्की बोले – “पहले युद्धविराम”

International : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि वह यह देखकर खुश हैं कि रूस अंततः युद्ध को समाप्त करने के लिए कदम उठा रहा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति वार्ता शुरू होने से पहले युद्धविराम की आवश्यकता है। जेलेंस्की ने इसे ‘‘सकारात्मक संकेत’’ के रूप में देखा और कहा कि ‘‘पूरी दुनिया लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रही थी’’। उन्होंने यह भी कहा कि ‘‘किसी भी युद्ध को सही तरीके से समाप्त करने का पहला कदम युद्धविराम है’’, जो कि शांति प्रक्रिया की दिशा में पहला ठोस कदम हो सकता है।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस विषय पर मीडिया से बात करते हुए शांति वार्ता के लिए एक अलग प्रस्ताव पेश किया। पुतिन ने शनिवार रात एक बयान में कहा कि रूस यूक्रेन के साथ 15 मई को इस्तांबुल में ‘‘बिना किसी पूर्व शर्त’’ के सीधी वार्ता फिर से शुरू करने का प्रस्ताव देता है, लेकिन युद्धविराम को लेकर कोई संकलप नहीं किया। पुतिन का कहना था कि उनके प्रस्ताव से युद्ध विराम की बजाय सीधे संवाद की शुरुआत की जा सकती है, जो कि शांति स्थापित करने के लिए अधिक प्रभावी होगा। इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस की पहल का स्वागत किया था, लेकिन उन्होंने कहा कि यदि रूस शांति चाहता है तो उसे पहले युद्धविराम स्वीकार करना होगा।