May 9, 2024

पुष्‍कर सिंह धामी चुने गए विधायक दल के नेता, एक बार फिर संभालेंगे सीएम की कुर्सी

New Delhi/Alive News: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के बाद नई सरकार के गठन को लेकर जारी कवायद पर विराम लग गया है। पुष्‍कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके साथ उनके फिर से मुख्‍यमंत्री बनने पर मुहर लग गयी है। देहरादून में भाजपा की विधायक दल की बैठक में शामिल होने पहुंचे पर्यवेक्षक रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सह पर्यवेक्षक मीनाक्षी लेखी ने इसकी घोषणा की है।

उत्तराखंड भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पर्यवेक्षक और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तथा सह पर्यवेक्षक एवं विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की मौजूदगी में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में धामी को सर्वसम्मति से उसका नेता चुना गया। इस बात का ऐलान करते हुए सिंह ने कहा कि पिछले केवल छह माह के अपने कार्यकाल में धामी ने जनता के दिलों पर अपनी छाप छोडी जिसका परिणाम पार्टी को जीत के रूप में मिला। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के लिए भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया है।

भाजपा को मिली हैं 47 सीटें
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इस बार भाजपा को 47 सीटों पर जीत मिली हैं और वह राज्‍य के गठन के बाद लगातार दूसरी बार सत्‍ता हासिल करने में सफल रही है। साफ है कि भाजपा ने हर पांच साल बाद राज्‍य में सत्‍ता बदलने के मिथक को तोड़ा है। हरीश रावत के नेतृत्‍व में कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा दो सीटों पर बसपा और दो सीटों पर निर्दलीय जीते हैं।