Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लोक कल्याण मेले की शुरुआत की गई। महापौर प्रवीण जोशी ने रिबन काटकर मेले का शुभारंभ किया और कहा कि यह मेला आम लोगों के लिए बहुत लाभदायक साबित होगा।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि यह मेला 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नगर निगम मुख्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। पहले ही दिन लगभग 250 लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन किया।
मेले में पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, दीनदयाल मिशन शहरी योजना, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी प्रमुख योजनाओं के लिए अधिक आवेदन आए। इसके अलावा पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम जन धन योजना, पीएम श्रम योगी मानधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना, पीएम मातृ वंदना योजना और आयुष्मान भारत योजना से संबंधित आवेदन भी किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और उन्हें मौके पर ही लाभान्वित करना है।
इस मौके पर नगर परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद सहित निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

