Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बीके चौक पर अरावली पर्वतमाला को बचाने के लिए ‘सेव अरावली’ मुहिम के तहत प्रदर्शन किया गया। उमंग रंग मंच संस्था के सदस्यों ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार से अरावली को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अरावली को लेकर सुप्रीम कोर्ट का पुराना फैसला अभी विचाराधीन है और 21 तारीख को इस मामले में दोबारा सुनवाई होनी है। उनका कहना है कि अगर फैसला नहीं बदला गया, तो अरावली को बचाना मुश्किल हो जाएगा।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि अरावली पर्वतमाला इस क्षेत्र के लिए ऑक्सीजन का बड़ा स्रोत है। इसके खत्म होने से लोगों को साफ हवा मिलना भी कठिन हो जाएगा और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचेगा।
प्रदर्शन में शामिल सतबीर और ज्योति भूषण ने कहा कि अरावली को नुकसान पहुंचाना प्रकृति ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अरावली को इसी तरह नष्ट किया गया, तो भविष्य में ऑक्सीजन की गंभीर कमी हो सकती है और कई जीव-जंतु भी विलुप्त हो जाएंगे।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि अगर 21 तारीख को आने वाला फैसला उनके पक्ष में नहीं आया, तो वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा आंदोलन करेंगे और अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

