Gurugram/Alive News: गुरुग्राम में एक मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद बड़ा हंगामा हो गया। मृतक के साथ काम करने वाले मजदूरों ने कंपनी और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए। गुस्साए मजदूरों ने शव ले जा रही कंपनी की पिकअप गाड़ी को रोक लिया, शव नीचे उतार दिया और मौके पर नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद गुस्से में आकर मजदूरों ने कंपनी की गाड़ी पलट दी और कंस्ट्रक्शन साइट के गेट पर ताला भी लगा दिया।
यह मामला डीएलएफ फेस-3 इलाके का है। यहां बने एक लेबर कैंप में बुधवार दोपहर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले दानी यादव के रूप में हुई है। उसकी मौत किन हालात में हुई, यह अभी साफ नहीं हो पाया है।
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी और ठेकेदार ने उनके साथी के शव को कमरे से बाहर निकालकर नाले के पास लावारिस हालत में रख दिया, जहां काफी गंदगी और बदबू थी। मजदूरों का कहना है कि यह उनके साथी के साथ अमानवीय व्यवहार था।
बताया गया कि जिस बिल्डिंग में निर्माण कार्य चल रहा था, वहां अलबेलिया कंपनी के ठेकेदार के अंडर मजदूर काम कर रहे थे। पिछले 4–5 दिनों से GRAP-4 नियमों के कारण निर्माण कार्य बंद था। इसी दौरान मंगलवार–बुधवार की रात मजदूर की मौत हुई।
बुधवार सुबह जब कंपनी शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पिकअप गाड़ी में ले जा रही थी, तभी मजदूरों ने रास्ते में गाड़ी रोक ली। गुस्से में आकर पिकअप पलट दी और शव को दोबारा कमरे में रख दिया। मौके पर पहुंची पुलिस से भी मजदूरों की काफी देर तक बहस हुई।
मजदूरों ने ठेकेदार पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि लापरवाही के कारण ही उनके साथी की जान गई। मजदूर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। दोपहर करीब एक बजे पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद स्थिति शांत हुई।
डीएलएफ फेस-3 थाना प्रभारी संदीप ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

