August 23, 2026

तीन एकड़ में प्राइमरी स्कूल, आधे एकड़ में 12वीं तक की पढ़ाई, 700 छात्र परेशान

Faridabad/Alive News: सेक्टर-9 में करीब तीन एकड़ जमीन पर चल रहे सरकारी प्राइमरी स्कूल और सेक्टर-10 में महज आधे एकड़ में संचालित सीनियर सेकेंडरी स्कूल की असमान व्यवस्था अब शिक्षा विभाग के सामने बड़ा सवाल बन गई है। सेक्टर-10 के स्कूल में 700 से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, लेकिन बच्चों की संख्या के अनुपात में पर्याप्त कक्ष उपलब्ध नहीं हैं। स्कूल प्रबंधन के अनुसार करीब 19 अतिरिक्त कमरों की जरूरत है। दूसरी ओर, पास ही सेक्टर-9 में लगभग तीन एकड़ परिसर में पांचवीं तक का स्कूल संचालित हो रहा है।

इसी समस्या को देखते हुए हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने अब सेक्टर-9 के सरकारी प्राइमरी स्कूल परिसर का बेहतर इस्तेमाल करने की मांग उठाई है। मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा और जिला अध्यक्ष एडवोकेट बीएस विरदी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल को पत्र भेजकर तीन एकड़ जमीन पर मल्टीस्टोरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की नई बिल्डिंग बनाने की मांग की है।

मंच का कहना है कि सेक्टर-10 के स्कूल में जगह की कमी के कारण विद्यार्थियों को परेशानी होती है। पर्याप्त कमरे नहीं होने से कई बार बरामदे और खुले स्थानों में कक्षाएं लगाने की स्थिति बनती है। इसके अलावा 11वीं कक्षा में कॉमर्स, मेडिकल और नॉन-मेडिकल जैसी स्ट्रीम उपलब्ध नहीं होने से विद्यार्थियों के पास विषय चुनने के विकल्प भी सीमित हैं।

मंच ने सुझाव दिया है कि सेक्टर-9 में नई बहुमंजिला बिल्डिंग तैयार होने के बाद सेक्टर-10 के स्कूल की 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं को वहां शिफ्ट किया जाए। इससे सेक्टर-10 के स्कूल पर बढ़ा दबाव कम होगा और विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्ष उपलब्ध हो सकेंगे। वहीं, सेक्टर-10 के स्कूल को आठवीं तक संचालित करने का सुझाव दिया गया है।

स्कूल प्रबंधन ने भी माना, कमरों की कमी

सेक्टर-10 सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि स्कूल में करीब 700 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। विद्यार्थियों की संख्या के हिसाब से स्कूल में कक्षाओं की काफी कमी है और करीब 19 कमरों की जरूरत है। स्कूल परिसर में अतिरिक्त भवन बनाने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि सेक्टर-9 में स्थित सरकारी प्राइमरी स्कूल के परिसर में नई बिल्डिंग बनाकर इस समस्या का समाधान किया जा सकता है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भी भेजी जा चुकी है।

मंत्री बोले- सेक्टर-9 में शिफ्ट करने का प्रयास

हमारी तरफ से सेक्टर-10 के सीनियर सेकेंडरी स्कूल को सेक्टर-9 में शिफ्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें थोड़ा समय लगेगा।

  • विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री, हरियाणा सरका र