Faridabad/Alive News: उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय सभागार में “समर स्कूल प्रेरणा-2026” को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव धर्मवीर और प्रोफेसर एस. सत्यमूर्ति भी मौजूद रहे। यह कार्यक्रम सोसायटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी इन इंडिया (SPSTI) द्वारा हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से 3 जून से 23 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि समर स्कूल का आयोजन राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ऊंचा गांव बल्लभगढ़ और डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-37 फरीदाबाद में किया जाएगा। कार्यक्रम में IIT, NIT, IISER, पंजाब विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय और अन्य केंद्रीय विश्वविद्यालयों के मेधावी विद्यार्थी मेंटोर के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि “प्रेरणा-2026” का उद्देश्य बच्चों में विज्ञान और गणित के प्रति रुचि बढ़ाना है। विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर प्रयोग और व्यवहारिक गतिविधियों के माध्यम से पढ़ाया जाएगा, ताकि विद्यार्थी विषय को बेहतर तरीके से समझ सकें।
डीसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का मकसद केवल बच्चों को वैज्ञानिक या डॉक्टर बनाना नहीं, बल्कि उनमें जिज्ञासा, जागरूकता और सीखने की सोच विकसित करना है। उन्होंने स्कूल प्राचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आसपास के सरकारी स्कूलों से योग्य विद्यार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाए जिन्होंने पिछली कक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों। प्रत्येक कक्षा से कम से कम 60 विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान विषय चुनने, भविष्य के करियर विकल्पों को समझने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं की अधिक भागीदारी पर भी जोर दिया और कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षित और अनुशासित वातावरण बनाए रखना जरूरी होगा।
बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान विशेष व्याख्यान, विशेषज्ञों के सत्र, पर्यावरण गतिविधियां, मोबाइल साइंस लैब और शैक्षणिक भ्रमण जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए पेयजल, बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में फरीदाबाद एसडीएम डॉ. हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, जिला शिक्षा अधिकारी अंशुल सिंगला, डॉ. रितु शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

