March 7, 2026

77 वें गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियां शुरू

Faridabad/Alive News: देश का 77 वां गणतंत्र दिवस समारोह, 26 जनवरी को जिले में देशभक्ति के साथ गरिमामयी ढंग से मनाया जाएगा। जिला व उपमंडल स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां शुरु हो गई हैं। जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह सेक्टर-12 स्थित हेलीपैड ग्राउंड में मनाया जाएगा। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए समारोह को भव्य ढंग से मनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह देश की एकता व अखंडता के साथ ही संविधान की संरचना का शुभ दिन है, ऐसे में इस दिवस को हर वर्ष की भांति इस बार भी व्यवस्थित ढंग से मनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर समय से पूरी तैयारी की जाए। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर शहीद वीरांगनाओं, स्वतंत्रता सेनानियों, वीर सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान भी किया जाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश के इस पावन समारोह को मनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ टीम के तौर पर कार्य करें।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर सामाजिक समरसता का संदेश देती तथा सरकार की जनहितकारी नीतियों के प्रति जागरूक करती झांकियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा। 

इस अवसर पर एसडीएम बड़खल सतबीर मान, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, आरटीए सचिव मुनीश सहगल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।