March 7, 2026

श्री गीता मंदिर में रामकथा की तैयारी पूरी, साध्वी ऋतंभरा 31 अगस्त से करेंगी कथा

Faridabad/Alive News: सेक्टर-15 स्थित श्री गीता मंदिर में वात्सल्य सेवा समिति की बैठक हुई, जिसमें परम शक्ति पीठ के स्वामी सत्यशील ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि वृंदावन स्थित वात्सल्य ग्राम में बन रहे सर्वमंगला मंदिर के लिए 31 अगस्त से फरीदाबाद में साध्वी ऋतंभरा की कथा आयोजित की जाएगी।

स्वामी सत्यशील ने कहा कि साध्वी ऋतंभरा को फरीदाबाद की तैयारियों की पूरी जानकारी है और वे आश्वस्त हैं कि यहां की जनता श्रद्धा से कथा सुनेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और पूरी निष्ठा से काम करने की अपील की।

परम शक्ति पीठ के राष्ट्रीय समन्वयक बी.आर. सिंगला ने बताया कि कथा 31 अगस्त से 6 सितंबर तक सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर में होगी। उन्होंने कहा कि सर्वमंगला मंदिर के निर्माण में फरीदाबाद का समाज उदारता से सहयोग कर रहा है। कथा स्थल तक आने-जाने के लिए बस रूट तय कर दिए गए हैं और 408 महिलाओं की कलश यात्रा की भी तैयारी हो चुकी है।

बैठक में कथा के मुख्य यजमान प्रेम पसरीचा, समिति अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार बंसल, आरएसएस नगर कार्यवाह प्रमोद शर्मा, पार्षद सरदार कुलदीप सिंह साहनी, समिति उपाध्यक्षा सुनीता बंसल, टी.पी. माहेश्वरी, विनेश अग्रवाल, गीता मंदिर अध्यक्ष ऋतुराज भारद्वाज, विनय पाराशर और सुरेश गर्ग भी मौजूद रहे।