April 7, 2025

चंडीगढ़ में लंदन स्ट्रीट बनाने की तैयारी शुरू, यूटी चीफ इंजीनियर ने दी जानकारी

Chandigarh/Alive News : चंडीगढ़ की खोई हुई रौनक एक बार फिर लौटने वाली है। इसकी प्रशासन ने कवायत भी शुरू कर दी है। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 प्लाजा में लंदन स्ट्रीट बनाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। टाइल्स को बदलने के साथ प्लाजा को दुधिया रोशनी से जगमग किया जाएगा। कई सरकारी दफ्तरों को शिफ्ट कर यहां रिटेल चेन खोलने की योजना है।

यूटी प्रशासन के चीफ इंजीनियर सीबी ओझा के मुताबिक शहर में किसी समय प्लाजा में हर समय भीड़ रहती थी। लेकिन मॉल्स व अन्य पर्यटन स्थलों के खुलने के बाद प्लाजा में आने वाले लोगों की संख्या धीरे-धीरे कम हो गई है। शहर के लिए प्लाजा बहुत ही महत्वपूर्ण जगह है इसलिए वहां पर लोगों को आकर्षित करने के लिए फिर से कई योजनाओं पर काम चल रहा है।

वेज बिल्डिंग से कुछ दुकानों को शिफ्ट कर वहां पर रिटेल चेन लाने की योजना है। पूरे प्लाजा में सफेद रंग की लाइट्स लगाई जाएंगी। इनके लगने के बाद प्लाजा लंदन स्ट्रीट जैसा नजर आएगा। इसकी तैयारियां चल रही हैं। दिसंबर तक काम पूरा कर लिया जाएगा और नए साल का जश्न इस बार प्लाजा में ही मनाया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार प्लाजा को आकर्षित करने के लिए यहां एक बबल फाउंटेन भी लगाया जाएगा। वर्तमान में यहां मौजूद फाउंटेन में भी कई बदलाव किए जाएंगे। जनवरी तक सेक्टर-17 प्लाजा में काफी कुछ बदला हुआ नजर आएगा। पहले हर शनिवार और रविवार को प्लाजा में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता था। अब फिर से उसे शुरू करेंगे। म्यूजिकल नाइट व अन्य तरह की गतिविधियां यहां हर वीकेंड पर होंगी। इसके लिए इंजीनियरिंग विभाग एक एजेंसी की नियुक्ति करने जा रहा है।