May 19, 2024

अयोध्या में भव्य दीपोत्सव की हो रही तैयारियां, उद्घोष व शंखनाद के साथ रवाना हुई राम राज्याभिषेक शोभायात्रा

Lucknow/Alive News : इस बार अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। पूरी रामनगरी राममय हो गई है। नगर के साकेत पीजी कॉलेज से राम राज्याभिषेक शोभायात्रा जय श्रीराम के उद्घोष और शंखनाद के साथ रवाना हो चुकी है। जिसमें भारत की लोक संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। शोभयात्रा को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं शाम को होने वाले दीपोत्सव में पांच देशों से आये 10 हजार अतिथि गवाह बनेंगे।

मिली जानकारी के अनुसार सरयू किनारे रामकथा पार्क में बुधवार दोपहर पुष्पक विमान स्वरूप हेलीकॉप्टर से प्रभु राम, सीता व लक्ष्मण उतरेंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रीगण और संत-धर्माचार्य दीप सजाकर प्रभु की अगवानी करेंगे।

जानकारी के मुताबिक इसके बाद वे गुरू वशिष्ठ की भूमिका में भगवान श्रीराम का राजतिलक करेंगे। सीएम रामलला के दरबार भी जाएंगे इसके बाद सीएम, राज्यपाल सहित कई मंत्री मां सरयू की भव्य आरती भी उतारेंगे। यहां लेजर शो, दीपों की माला के साथ रंग-बिरंगी अयोध्या स्वर्ग की भांति दिखेगी।

अयोध्या में इस बार दीपावली का उत्सव देखने लायक होगा, घुड़सवार और सैनिक होंगे। इस बार अयोध्या पुष्पों, विद्युत सजावटों से सुसज्जित होगी। कहते हैं कि अद्भुत रोशनी से नहायी तरोताजा सरयू को देखकर मन यही दुआ करता है कि इस अभिनव ‘दीपरात्रि’ की सुबह नहीं आए। चौबीस घंटे रामधुनों-कीर्तनों से गूंज रही अयोध्या जैसे कहना चाह रही है कि हम रामजी के, राम जी हमारे हैं…।

मिली जानकारी के अनुसार राम की पैड़ी दीपोत्सव में आकर्षण का केंद्र होगी। राम की पैड़ी पर 337 फीड की स्क्रीन पर महर्षि बाल्मीकि रामकथा सुनाएंगे। यहां तीन लेयर की लाइटें लगाई हैं। साउंड सिस्टम 32 फीट पर लगाया गया है। घाट पर तीन अलग-अलग तरह की स्क्रीन पर महर्षि वाल्मीकि अयोध्या के घाट पर स्वयं पधारेंगे और रामकथा सुनाएंगे। मल्टीमीडिया शो में लाइट एंड साउंड शो दर्शकों और श्रद्धालुुओं को मंत्रमुग्ध कर देगा। प्रोजेक्शन मैपिंग के जरिए महर्षि वाल्मीकि की मल्टी डायमेंशनल होलोग्राफिक इमेज अयोध्या की पावन धरा पर अवतरित होगी।

ग्रीन पटाखों की होगी आतिशबाजी
इस बार सरयू पुल पर ग्रीन पटाखों की आतिशबाजी होगी। इस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिथि सरयू तट से आतिशबाजी निहारेंगे। इसके लिए यहां अलग से मंच बनाया गया है। करीब 20 मिनट तक आतिशबाजी होगी।