June 6, 2026

प्रकाश बाल भारती स्कूल का 12वीं बोर्ड रिजल्ट शानदार, तीन छात्राओं ने किया टॉप

Faridabad/Alive News: डबुआ कॉलोनी में स्थितप्रकाश बाल भारती पब्लिक स्कूल का सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम इस वर्ष शानदार रहा। विद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत दर्ज किया गया, जिससे स्कूल में खुशी का माहौल है।

विद्यालय की छात्रा हिमांशी कौशिक ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं शिफा खान ने 97.2 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा स्थान प्राप्त किया। आर्ट्स स्ट्रीम की छात्रा रुचिका ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार सभी विद्यार्थियों ने मेहनत और लगन के साथ परीक्षा की तैयारी की, जिसका परिणाम शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आया। स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी जताई।

विद्यालय की प्रिंसिपल अनीता चौधरी ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर माहौल देने के लिए लगातार कार्य करता है, ताकि विद्यार्थी हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।