March 7, 2026

मलेराना रोड में जगह – जगह गड्ढे, लोगों को निकलने में हो रही परेशानी

Faridabad/Alive News: मलेराना रोड में दर्जनों जगह पर बड़े गड्ढे बने होने के कारण लोगों को निकलने में खासी जैसी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जबकि यह रोड इस क्षेत्र में रहने वाले लाखों लोगों के आवागमन के लिए सबसे प्रमुख है। नगर निगम के अधिकारी भी इस समस्या की तरफ ध्यान नही दे रहे है। जब सुबह शान यहां से भीड़ निकलती है तो दोपहिया वाहन चालकों को सुरक्षित निकालना मुश्किल हो रहा है।

मलेराना रोड से आदर्श नगर भाग एक, भाग दो, विष्णु कॉलोनी, गर्ग काॅलोनी , हरी विहार , आशियाना सेक्टर -62-63, साहूपुरा, सुनपेड़, मलेरना, सागरपुर, पियाला, असावटी, डीग, प्रहलादपुर माजरा डीग, फतेहपुर बिल्लौच, जवां के लाखों लोग निकल कर बल्लभगढ़ शहर के लिए आते – जाते हैं।

आदर्श नगर औधोगिक क्षेत्र के लिए भी वाहन माल लेकर आते – जाते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण कई बार वाहनों के पलटने का भी खतरा बना रहता है। वर्षा होने पर इन गड्ढों में जलभराव हो जाता है। जलभराव होने पर इन गड्ढों से वाहनों को चालक बचाकर निकालते हैं, जिसके चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। अब वर्षा का मौसम शुरु हो गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पूरे प्रदेश में सड़कों के गड्ढों को भर कर सड़क को दुरुस्त बनाने के आदेश दे चुके हैं। अभी तक इन आदेशों का कोई असर नहीं दिख रहा है।

क्या कहना है स्थाई निवासी का

अभी तो स्कूल की छुट्टियाँ चल रही है। जब छुट्टियाँ समाप्त हो जाएंगी तो दोपहर को बसों के चलने से इन गड्ढों के कारण ट्रैफिक जाम हो जाता है। लोगों की परेशानी को देखते हुए इन्हे तुरंत भरा जाना चाहिए।

भूपेंद्र सिंह

क्या कहना है संयुक्त आयुक्त नगर निगम जोन बल्लभगढ़ का

मलेरना रोड के गड्‌ढों को भरने के लिए कनिष्ठ अभियंता विपिन से कह देंगे। वह मौका देख कर जहां पर भी जरूरी होगा, उन गड्ढों को तुरंत भर कर समस्या का समाधान कर देंगे। ताकि लोगों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

करण सिंह भदोरिया, संयुक्त आयुक्त नगर निगम जोन बल्लभगढ़