March 8, 2026

जानकार बनकर 80 हजार की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जानकार बनकर 80 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 की रहने वाली एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि उसे एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका जानकार बताया और कहा कि वह उसे कुछ पैसे भेज रहा है। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर तीन ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट और एक स्कैनर भेजा। स्कैनर को स्कैन करने पर महिला ने तीन बार में कुल 80 हजार रुपये आरोपी को भेज दिए। बाद में जब महिला ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उसके खाते में कोई पैसा नहीं आया था।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आशिफ (22), समीर (20) और गौरव (24) निवासी उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आशिफ खाताधारक है, जिसने अपना बैंक खाता समीर को दिया था और समीर ने वह खाता गौरव को आगे इस्तेमाल करने के लिए दे दिया। तीनों आरोपी आपस में दोस्त हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये खाते में आए थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।