Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने जानकार बनकर 80 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-4 फरीदाबाद की रहने वाली एक महिला ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी। महिला ने बताया कि उसे एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसका जानकार बताया और कहा कि वह उसके खाते में पैसे भेज रहा है।
इसके बाद आरोपी ने महिला के व्हाट्सएप पर तीन ट्रांजैक्शन के स्क्रीनशॉट और एक क्यूआर कोड भेजा। क्यूआर कोड स्कैन करते ही महिला ने तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 80 हजार रुपये भेज दिए। बाद में जब महिला ने अपने बैंक खाते की जांच की तो उसमें कोई पैसा जमा नहीं हुआ था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने काला उर्फ काले खान, निवासी गांव दौलतपुर, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। उसने खाताधारक आशिफ का खाता ठगों को दिया था, जिसमें ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये आए थे। खाताधारक आशिफ को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

