Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों पर सख्ती करते हुए ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की है। यह ऑपरेशन 1 दिसंबर से हरियाणा पुलिस के डीजीपी ओ.पी. सिंह के निर्देश पर पूरे राज्य में चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अवैध नशा, शराब, जुआ-सट्टा, अवैध हथियार, आपराधिक गतिविधियों और अवैध निर्माणों पर रोक लगाना है। साथ ही जरूरतमंद लोगों को सहायता प्रदान करना भी इस अभियान का हिस्सा है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों में फरीदाबाद पुलिस ने शहर के 85 संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनसे 4 देसी कट्टे, 2 पिस्टल, 2 जिंदा कारतूस, 970 ग्राम गांजा और 53 पव्वे देसी शराब बरामद किए।
पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि अवैध नशा, शराब, जुआ-सट्टा या अवैध हथियारों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या फरीदाबाद पुलिस कंट्रोल रूम (9999150000) पर दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
हरियाणा पुलिस हमेशा सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए तैयार है।

