March 28, 2024

17 वर्षीय लापता नाबालिग लड़के को पुलिस ने किया परिजनों के हवाले

Faridabad/Alive News : पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने 3 महीने से लापता 17 वर्षीय नाबालिग लड़के को सोशल मीडिया के माध्यम से ढूंढ कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया है।

पल्ला थानाक्षेत्र में आज से साढ़े तीन माह पहले 31 मई को 17 वर्षीय एक लड़का बिना-बताए अपने घर से कहीं चला गया। घरवालों ने लड़के को एक सप्ताह तक बहुत ढूंढा। किन्तु लड़का कहीं नहीं मिला। फिर घरवाले नवीन नगर चौकी पहुँचे। पुलिस को सारी बात बताई और लापता लड़के को तलाशने का आग्रह किया।

पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और लापता लड़के की तलाश में लगे हाथ एएसआई विक्रम सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम भी गठित कर दी। टीम ने लड़के की तलाश में सारे प्रयास झोंक दिए। एक दिन किसी ने इंस्टाग्राम पर उस लापता लड़के की तस्वीर देखी और पुलिस को बताया। पुलिस ने तकनीकी सहयोग से लापता लड़के के उत्तरप्रदेश के खुर्जा में होने की सूचना प्राप्त कर ली। पुलिस टीम ने लड़के को खुर्जा स्थिति एक ढाबे से सुरक्षित बरामद कर लिया और उसके परिजनों के परेशान होने के बारे में बताया।

किन्तु लड़का अभी-भी वापस घर ना आने की जिद कर रहा था। सहानुभूति दिखाते हुए पुलिस ने जब उससे घर से भाग जाने का कारण पूछा तो उसने कहा कि स्कूल के दोस्त उसे मंदबुद्धि कह कर चिढ़ाते थे। इसीलिए वह घरवालों को बिना सूचित किये यूपी की तरफ चल दिया।

दो-तीन दिन बाद पैसे खत्म हो जाने पर एक ढाबे पर पहुंचा। वह ढाबे के काम में कुछ हाथ बटा देता था और इस तरह उसके रहने-खाने की व्यवस्था भी हो गयी और उसको कोई मंदबुद्धि कहकर भी नहीं चिढ़ाता है।

पुलिस के लगातार मनाने के प्रयास से लड़का फरीदाबाद आने को तैयार हुआ और पुलिस अपने साथ उसे वापस पल्ला थाना फरीदाबाद ले आई और परिजनों को सौंप दिया।