March 29, 2024

जमीन विवाद मामले में फरार चल रहा आठवां आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : अपराध शाखा डीएलएफ ने हिंसक झड़प में आरोपियों द्वारा चाकू और गोली चलाकर हत्या के प्रयास करने वाले फरार आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया है। आरोपी इसी वर्ष 19 फरवरी को तिगांव थानाक्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर सुमेर सिंह और जय किशन वर्मा गुटों के बीच गंभीर हिंसक झड़प में शामिल था।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तिगांव में एक प्लॉट पर अधिकार के लिए दोनो पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे थे। इसी के चलते दोनों पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। जयकिशन पक्ष के व्यक्ति प्लॉट पर निर्माण कार्य करने लगे तो सुमेर पक्ष को निर्माण की बात पता चली और वह भी स्थल पर पहुंच गया। दोनों पक्ष से कहासुनी से शुरू हो गई और बात चाकू चलने तक आ गई।

सुमेर पक्ष से उसके बेटे नितिन ने जयकिशन को चाकू मारकर घायल कर दिया। फिर जयकिशन पक्ष के लोगों ने जयकिशन की लाइसेंसी दोनाली से पहले सुमेर के बेटे नितिन पर गोली चलाई और बाद सुमेर को 3 गोलियां मारी। इस झड़प में दोनो तरफ के लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो दोनों पक्ष अपने-अपने घायल लोगों को लेकर बादशाह खान अस्पताल जा चुके थे।

अगले दिन सुमेर सिंह की शिकायत पर जयकिशन व उसके साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में दोनों पक्षों से दोषी पाये गये कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जिसमे जयकिशन पक्ष की तरफ से जयकिशन, उसके दोनो बेटे मोहित और रोहित, तरुण और दीपक गुजर वहीं सुमेर पक्ष से सुमेर और नितिन को भी हिंसा करने के जुर्म के तहत गिरफ्तार किया गया। कुछ आरोपी जमानत पर जेल से बाहर हैं और शेष गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहे हैं।

अभी गिरफ्तार किए गए आरोपी दीपक के बारे में गुप्त सूत्रों ने पुलिस को सूचना दी कि उक्त मामले का फरार आरोपी फरीदाबाद में है। जिस पर क्राइम ब्रांच डीएलएफ प्रभारी अनिल कुमार की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक को ठिकाना बदलने के लिए भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दीपक के पास से वारदात में प्रयुक्त दोनाली बंदूक बरामद कर ली है। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए जेल भेज दिया है।