March 11, 2026

फरीदाबाद में अवैध हथियार रखने वालों पर पुलिस की कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 9 मार्च को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मनीष निवासी गांव सद्पुरा, फरीदाबाद को मेट्रो फ्लैट्स के पास से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।

वहीं क्राइम ब्रांच एवीटीएस-2 की टीम ने जगदीश निवासी विनय नगर, फरीदाबाद को हरकेश नगर इलाके से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।