Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजीव कॉलोनी से एक महिला सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1 किलो 610 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने राजीव कॉलोनी निवासी आकाश को 350 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। वहीं अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने यशपाल को 350 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा।
इसके अलावा अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने सलीम को 480 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक महिला को 330 ग्राम गांजा के साथ काबू किया। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
फरीदाबाद पुलिस लगातार नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी के तहत 3 जून को सुबह अपराध शाखा की 10 टीमों ने राजीव कॉलोनी में सर्च अभियान और छापेमारी भी की।

