July 11, 2026

अवैध शराब पर पुलिस का शिकंजा, दो तस्कर गिरफ्तार; 332 पव्वे और अध्धे शराब बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 278 पव्वे देशी शराब, 30 पव्वे अंग्रेजी शराब और 24 अध्धे अंग्रेजी शराब बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर रशीद खान को गिरफ्तार किया। वह आशियाना अपार्टमेंट, सेक्टर-56 का निवासी है और फिलहाल प्रेम नगर झुग्गी, सेक्टर-17 में रह रहा था। उसके कब्जे से 250 पव्वे देशी शराब और 24 अध्धे अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

वहीं, पुलिस चौकी ग्रीन फील्ड की टीम ने रिंकू बैसला, निवासी गांव मेवला महाराजपुर, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 28 पव्वे देशी शराब और 30 पव्वे अंग्रेजी शराब बरामद की गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।