March 7, 2026

फरीदाबाद में पुलिस का जागरूकता अभियान, 750 से ज्यादा लोगों को दी अहम जानकारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार आम लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी क्रम में 13 जनवरी को सामुदायिक पुलिसिंग सेल फरीदाबाद और ट्रैफिक थाना की संयुक्त टीम ने व्हर्लपूल कंपनी, फरीदाबाद में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने महिलाओं के खिलाफ अपराध और बाल विवाह निषेध कानून के बारे में कर्मचारियों को सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई है, जो बच्चों, खासकर बालिकाओं के शारीरिक और मानसिक विकास को नुकसान पहुंचाती है और उनके भविष्य पर बुरा असर डालती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस तरह की कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाएं और कानून का पालन करें।

वहीं, ट्रैफिक थाना प्रभारी निरीक्षक अनोज कुमार ने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जरूरी बातें बताईं। उन्होंने वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के नियम समझाए और सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेश वाले कार्ड पहनाकर उनका सम्मान भी किया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को आपातकालीन और सहायता से जुड़े हेल्पलाइन नंबर 112, 1930, 1933, 1098 और 1091 के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा नशा मुक्ति से जुड़े MANAS ऐप के बारे में भी बताया गया।

इसके साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने सेंट्रल जोन, फरीदाबाद में घर-घर जाकर सर्वे अभियान भी चलाया।

इस पूरे अभियान के दौरान करीब 750 से अधिक लोगों को जागरूक किया गया, जिससे समाज में सुरक्षा और जागरूकता का सकारात्मक संदेश दिया गया।